Central Samvad रायपुर 16 जून
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ और सस्ती ऊर्जा उपलब्ध कराने की दिशा में रायगढ़ जिले के ग्राम बड़े देवगांव स्थित बंद पड़े बायोगैस संयंत्र को पुनः चालू किया गया है।

इस पहल को ग्रामीण ऊर्जा आत्मनिर्भरता, पर्यावरण संरक्षण और नवीकरणीय ऊर्जा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।जिला पंचायत रायगढ़ के मार्गदर्शन में क्रेडा की तकनीकी टीम और ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों ने संयंत्र का निरीक्षण, मरम्मत और तकनीकी परीक्षण किया।

इसके बाद बायोगैस से चूल्हा संचालित कर गैस आपूर्ति का सफल परीक्षण किया गया।अधिकारियों के अनुसार, बायोगैस संयंत्रों के संचालन से ग्रामीण परिवारों को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध होगा, एलपीजी पर निर्भरता कम होगी और घरेलू खर्च में भी कमी आएगी। साथ ही गोबर और जैविक अपशिष्टों के बेहतर प्रबंधन से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।
संयंत्र से प्राप्त जैविक खाद कृषि उत्पादकता बढ़ाने में भी सहायक होगी, जिससे किसानों को अतिरिक्त लाभ मिलेगा। ग्रामीणों ने संयंत्र के पुनः शुरू होने पर खुशी जताते हुए इसे गांव के लिए उपयोगी पहल बताया।

