राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा की मौजूदगी में योग, प्राणायाम और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सारंगढ़ के कृषि उपज मंडी परिसर में जिला स्तरीय वृहद योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। “योगा 365 डेज एम्ब्रेस योगा” और “बढ़ती उम्र के स्वास्थ्य के लिए योग” थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश के राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंक राम वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान धनवंतरि और छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुई। मंत्री, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, पत्रकारों, विद्यार्थियों और नागरिकों सहित एक हजार से अधिक लोगों ने सामूहिक योग और प्राणायाम का अभ्यास किया।

इस दौरान मंत्री श्री वर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ राष्ट्र के संदेश का वाचन किया और लोगों को नियमित योग अपनाने का संकल्प दिलाया। योग जागरूकता के लिए हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।कार्यक्रम का विशेष आकर्षण बच्चों द्वारा प्रस्तुत योग और नृत्य का अनूठा संगम रहा।

विभिन्न योग संस्थाओं के बच्चों ने संगीत की धुन पर योग मुद्राओं का शानदार प्रदर्शन किया। साक्षी पटेल ने कठिन योग मुद्राओं की एकल प्रस्तुति देकर सभी का ध्यान आकर्षित किया।भारत स्काउट, जूनियर रेडक्रॉस और एनएसएस के विद्यार्थियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन ने स्वास्थ्य, अनुशासन और सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया।

