हजारों बंदियों ने किया योगाभ्यास, मानसिक स्वास्थ्य और सकारात्मक जीवन का दिया संदेश
Central Samvad रायपुर 21जून 2026
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ की सभी 33 जेलों में विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। केंद्रीय जेल रायपुर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जेल महानिदेशक हिमांशु गुप्ता ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग शरीर, मन और आत्मा को जोड़ने का प्रभावी माध्यम है और यह तनाव कम करने तथा सकारात्मक सोच विकसित करने में मदद करता है।

केंद्रीय जेल रायपुर में आयोजित योग शिविर में पुरुष प्रकोष्ठ के 500 और महिला प्रकोष्ठ की 150 बंदियों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। आर्ट ऑफ लिविंग के प्रशिक्षकों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया।

कार्यक्रम का उद्देश्य बंदियों को मानसिक तनाव, नकारात्मक विचारों और अवसाद से बाहर निकालकर उनमें आत्मविश्वास, आत्म-नियंत्रण और सकारात्मक सोच विकसित करना था। योग शिविर में ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, पवनमुक्तासन, अनुलोम-विलोम, कपालभाति और ध्यान का अभ्यास कराया गया।

