Central Samvad रायपुर, 23 जून 2026
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि हल्बा समाज छत्तीसगढ़ के सबसे संगठित और जागरूक आदिवासी समुदायों में से एक है, जिसने अपनी परंपराओं को सहेजते हुए राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

उन्होंने राजनांदगांव के रेवाडीह क्षेत्र में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की।पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम में आयोजित अखिल भारतीय हल्बा-हल्बी आदिवासी समाज केंद्रीय कर्मचारी प्रकोष्ठ के शपथ ग्रहण एवं प्रथम सम्मेलन में डॉ. सिंह ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए समाज की संगठनात्मक शक्ति की सराहना की। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज ने स्वतंत्रता संग्राम, जल-जंगल-जमीन संरक्षण और सामाजिक विकास में प्रेरणादायी भूमिका निभाई है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सम्मान और विकास के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का नेतृत्व आदिवासी समाज के गौरव का प्रतीक है। डॉ. सिंह ने समाज के पदाधिकारियों से युवाओं को शिक्षा, महिलाओं को सशक्तिकरण और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए आगे आने का आह्वान किया।

