Central Samvad रायपुर 23 जून
बस्तर जिले ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता छात्रवृत्ति (एनएमएमएसएस) परीक्षा 2025-26 में शानदार सफलता हासिल करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में नया इतिहास रचा है। जिले के 177 विद्यार्थियों का चयन हुआ है, जिससे बस्तर ने पूरे छत्तीसगढ़ में तीसरा स्थान प्राप्त किया है।

यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि पिछले वर्ष जिले से केवल दो विद्यार्थियों का चयन हुआ था। एक वर्ष में यह संख्या बढ़कर 177 हो गई है। चयनित विद्यार्थियों को अब कक्षा 9वीं से 12वीं तक प्रतिमाह एक हजार रुपये की छात्रवृत्ति मिलेगी।बस्तर जिले के बकावंड विकासखंड ने सबसे बेहतर प्रदर्शन करते हुए 130 विद्यार्थियों का चयन कराया है।
यह उपलब्धि पूरे छत्तीसगढ़ में ब्लॉक स्तर पर सर्वश्रेष्ठ मानी जा रही है। वहीं लोहंडीगुड़ा विकासखंड से 37 विद्यार्थियों का चयन हुआ है।इस सफलता के पीछे प्रशासन की विशेष तैयारी, नियमित मॉक टेस्ट, ओएमआर आधारित अभ्यास और शिक्षकों की मेहनत रही।
विद्यार्थियों को पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों का अभ्यास कराया गया तथा उनकी अवधारणात्मक समझ विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया।जिला प्रशासन का मानना है कि सुनियोजित रणनीति, तकनीक आधारित अध्ययन सामग्री और शिक्षकों की प्रतिबद्धता के कारण बस्तर के विद्यार्थियों ने यह उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।

