Central Samvad रायपुर, 23 जून 2026
कबीरधाम जिले का भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना गन्ना किसानों को समय पर भुगतान करने के मामले में देशभर में मिसाल बनकर उभरा है। लगातार दूसरे वर्ष कारखाने ने जून माह में ही किसानों को एफआरपी और अतिरिक्त रिकवरी राशि का शत-प्रतिशत भुगतान कर नया रिकॉर्ड बनाया है।

रविवार को आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की उपस्थिति में 29.83 करोड़ रुपये सीधे किसानों के बैंक खातों में अंतरित किए गए। इसमें 6.91 करोड़ रुपये एफआरपी की शेष राशि और 22.92 करोड़ रुपये अतिरिक्त रिकवरी राशि शामिल है।

इसके साथ ही पेराई सत्र 2025-26 में किसानों को कुल 107.10 करोड़ रुपये का भुगतान पूरा हो गया है।उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि यह उपलब्धि किसानों और सहकारिता व्यवस्था के बीच मजबूत विश्वास का प्रतीक है।
उन्होंने किसानों से अधिक गन्ना उत्पादन करने और आगामी सत्र में चार लाख मीट्रिक टन से अधिक पेराई के लक्ष्य को हासिल करने का आह्वान किया।भोरमदेव शक्कर कारखाना समय पर भुगतान के साथ-साथ किसान हितैषी योजनाओं के लिए भी जाना जाता है।
उन्नत गन्ना बीज, मिट्टी परीक्षण, प्रशिक्षण, प्रेसमड वितरण और कृषक प्रतीक्षालय जैसी सुविधाएं किसानों को लाभ पहुंचा रही हैं। कारखाना परिसर में श्रमिकों के लिए पांच रुपये में भोजन की व्यवस्था भी संचालित की जा रही है।पारदर्शी कार्यप्रणाली और किसानों की सक्रिय भागीदारी के कारण भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना देश के अग्रणी सहकारी शक्कर कारखानों में शामिल हो गया है।

