Central Samvad रायपुर, 28 नवंबर 2026
राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि आधुनिक तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता चिकित्सा क्षेत्र में रोगों की पहचान और उपचार को अधिक प्रभावी बना रही हैं, लेकिन ये चिकित्सक के अनुभव, शारीरिक परीक्षण और मानवीय संवेदनशीलता का विकल्प नहीं हो सकतीं।

चिकित्सा सेवा में मरीज के प्रति संवेदनशील व्यवहार और विश्वासपूर्ण संवाद भी जरूरी है।राज्यपाल ने यह बात एम्स रायपुर में इंडियन रेडियोलॉजिकल एंड इमेजिंग एसोसिएशन (आईआरआईए), छत्तीसगढ़ शाखा के 16वें वार्षिक सम्मेलन का शुभारंभ करते हुए कही।

उन्होंने दीप प्रज्वलित कर सम्मेलन का उद्घाटन किया।राज्यपाल ने कहा कि एक्स-रे से लेकर अल्ट्रासाउंड, एमआरआई और आधुनिक इमेजिंग तकनीकों तक रेडियोलॉजी ने चिकित्सा विज्ञान को नई दिशा दी है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता और रोबोटिक तकनीक भी उपचार में सहायक हैं, लेकिन इनके उपयोग में चिकित्सकीय विवेक और अनुभव महत्वपूर्ण हैं।

उन्होंने ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में इंटरनेट और एआई के माध्यम से चिकित्सा परामर्श उपलब्ध कराने की संभावनाओं पर भी जोर दिया। साथ ही डिजिटल लत और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के प्रति जागरूक रहने तथा जरूरत पड़ने पर समय पर परामर्श लेने की अपील की।

सम्मेलन में प्रदेशभर के रेडियोलॉजिस्ट आधुनिक रेडियोलॉजी और मेडिकल इमेजिंग की तकनीकों एवं नवीनतम प्रगति पर विचार-विमर्श कर रहे हैं।


