Central Samvad, रायपुर | 27 नवंबर 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महासमुंद जिले के गढ़फुलझर स्थित ऐतिहासिक नानक सागर साहिब गुरुद्वारे में मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि की अरदास की। वे यहां आयोजित विशेष कीर्तन समागम में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव जी की पावन स्मृतियों से जुड़ा गढ़फुलझर छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण ऐतिहासिक और आध्यात्मिक धरोहर है। इसे आस्था, अध्यात्म, सेवा और सामाजिक समरसता के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

इस अवसर पर उन्होंने नानकसागर के विकास के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की। साथ ही सर्वसुविधायुक्त अंबेडकर भवन और सार्वजनिक उद्यान का निर्माण कराने की भी घोषणा की।मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव जी का प्रेम, समानता, सेवा और मानवता का संदेश पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।

गढ़फुलझर की ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित कर इसे धार्मिक पर्यटन के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

कार्यक्रम में बसना विधायक संपत अग्रवाल, जत्थेदार बाबा साहिब सिंह सहित सिख समाज एवं विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

