Central Samvadरायपुर, 27 जून 2026
रायगढ़ जिले के सकरबोगा पंचायत अंतर्गत ग्राम साल्हेओना के प्रगतिशील किसान अरुण कुमार सॉ ने अनानास की खेती से सफलता की नई मिसाल पेश की है। खेत की मेड़ पर शौक से लगाए गए कुछ पौधों से शुरू हुआ उनका प्रयास आज दो एकड़ में फैली व्यावसायिक खेती में बदल चुका है।

इससे उन्हें हर वर्ष 2 से 2.5 लाख रुपये तक की अतिरिक्त आय हो रही है।अरुण सॉ पहले धान सहित पारंपरिक फसलों की खेती करते थे। अनानास के पौधों की अच्छी बढ़वार और गुणवत्ता देखकर उन्होंने धीरे-धीरे खेती का विस्तार किया।

कृषि विभाग के तकनीकी मार्गदर्शन और पौधों से निकलने वाले प्ररोहों के पुनः रोपण से उनका बगीचा लगातार विकसित होता गया। वर्तमान में आम और अमरूद के साथ अनानास की बहुफसली खेती उनके खेत की विशेष पहचान बन गई है।अनानास की खेती में लागत अपेक्षाकृत कम आती है।

खाद, कीटनाशक और सिंचाई की कम आवश्यकता होने से उत्पादन खर्च नियंत्रित रहता है, जबकि बाजार में इसकी मांग लगातार बनी रहती है। उनके खेत में तैयार प्रत्येक अनानास 40 से 80 रुपये तक बिकता है।फलों के अलावा पौधों से निकलने वाले प्ररोहों की बिक्री से भी उन्हें अतिरिक्त आय होती है। उनकी सफलता से प्रेरित होकर आसपास के किसान भी पारंपरिक खेती के साथ उद्यानिकी फसलों की ओर रुख कर रहे हैं। अरुण सॉ का कहना है कि सही फसल का चयन, नई तकनीक और विशेषज्ञों की सलाह अपनाकर कम संसाधनों में भी अच्छी आय अर्जित की जा सकती है।

