Central Samvadरायपुर, 14 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ विधानसभा के पावस सत्र के दौरान आज विधानसभा परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के तहत वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप सहित सभी विधायकों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रुद्राक्ष का पौधा लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ यह अभियान अब जनआंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि मां के नाम पर लगाया गया पौधा प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता, मातृत्व के सम्मान और आने वाली पीढ़ियों के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक है।

उन्होंने प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।कार्यक्रम के दौरान विधानसभा परिसर में विशेष सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया, जहां जनप्रतिनिधियों ने अभियान से जुड़कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

