Central Samvadरायपुर, 14 जुलाई 2026
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज दुर्ग जिले के ग्राम गनियारी में विश्वविख्यात पंडवानी गायिका एवं पद्म विभूषण स्वर्गीय डॉ. तीजन बाई की दशगात्र एवं श्रद्धांजलि सभा में शामिल होकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने डॉ. तीजन बाई के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त कीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. तीजन बाई ने अपनी अद्वितीय कला और पंडवानी गायन के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति को वैश्विक पहचान दिलाई। उन्होंने घोषणा की कि राज्योत्सव के अवसर पर प्रतिवर्ष ‘डॉ. तीजन बाई लोककला अलंकरण’ प्रदान किया जाएगा।

साथ ही, ग्राम गनियारी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का नामकरण उनके नाम पर किया जाएगा और उनकी कला-साधना के प्रतीक तंबूरे को रायपुर संग्रहालय में सम्मानपूर्वक संरक्षित रखा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. तीजन बाई की सांस्कृतिक विरासत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। श्रद्धांजलि सभा में सांसद विजय बघेल, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, विधायक अनुज शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, कलाकारों और नागरिकों ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

