Central Samvadरायपुर, 14 जुलाई 2026
विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) (वीबी-जीरामजी) के तहत सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के जनपद पंचायत सारंगढ़ की ग्राम पंचायत गोड़म में स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सराहनीय पहल करते हुए लगभग 30 हजार सीड बॉल तैयार किए हैं।

इनका वितरण विभिन्न ग्राम पंचायतों में हरित अभियान को बढ़ावा देने के लिए किया गया।जिला पंचायत अध्यक्ष, कलेक्टर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्व-सहायता समूह की महिलाओं की मौजूदगी में मानव श्रृंखला बनाकर बीज रोपण उत्सव मनाया गया।

इस दौरान लोगों को पौधारोपण, जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि सीड बॉल का उपयोग वीबी-जीरामजी के तहत निर्मित तालाबों, डबरियों की मेड़ों और अन्य उपयुक्त स्थानों पर किया जाएगा, जिससे वर्षा ऋतु में हरित आवरण बढ़ाने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।

कार्यक्रम में ग्रामीणों को योजना के उद्देश्यों और जनभागीदारी आधारित विकास कार्यों की जानकारी देते हुए अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया गया।


