Central Samvadरायपुर, 14 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा नियुक्त डॉ. ममता साहू ने मंगलवार को छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया। शास्त्री चौक स्थित राज्य महिला आयोग कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने महिलाओं के अधिकारों की रक्षा, त्वरित न्याय और महिला सशक्तिकरण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।

पदभार ग्रहण करने के बाद डॉ. साहू ने आयोग के अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया तथा कार्यालय की विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई।उन्होंने कहा कि राज्य महिला आयोग महिलाओं की शिकायतों के समयबद्ध और प्रभावी निराकरण, उनके सम्मान की रक्षा तथा अधिकारों के संरक्षण के लिए सक्रिय और संवेदनशील भूमिका निभाएगा।
आयोग महिलाओं को न्याय दिलाने और उन्हें सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर कार्य करेगा।इस अवसर पर छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड की अध्यक्ष शालिनी राजपूत, राज्य महिला आयोग की सदस्य सरला कोसरिया, जनप्रतिनिधि तथा आयोग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

