Central Samvadरायपुर, 16 जुलाई 2026
राजधानी रायपुर के गायत्री नगर स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर में आयोजित भव्य रथयात्रा महोत्सव में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए।

दोनों ने भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, उत्तम वर्षा, किसानों की खुशहाली और जनकल्याण की कामना की। इस अवसर पर पारंपरिक छेरा-पहरा की रस्म भी निभाई गई।

वैदिक मंत्रोच्चार, भजन-कीर्तन और जयघोष के बीच भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की प्रतिमाओं को रथ पर विराजित कर यात्रा का शुभारंभ किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस धार्मिक आयोजन में शामिल हुए और रथयात्रा में अपनी आस्था व्यक्त की।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा आस्था, लोकसंस्कृति, सामाजिक समरसता और जनभागीदारी का महापर्व है। उन्होंने कहा कि भगवान जगन्नाथ किसानों के आराध्य हैं और उनकी कृपा से प्रदेश में अच्छी वर्षा, कृषि समृद्धि और खुशहाली आती है।

उन्होंने प्रदेश के विकास, शांति और समृद्धि के लिए भगवान से प्रार्थना की।उल्लेखनीय है कि रायपुर के गायत्री नगर स्थित जगन्नाथ मंदिर में प्रतिवर्ष पुरी की विश्व प्रसिद्ध रथयात्रा की तर्ज पर यह आयोजन पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ किया जाता है। ओडिशा से सांस्कृतिक जुड़ाव के कारण छत्तीसगढ़ में भी भगवान जगन्नाथ के प्रति विशेष श्रद्धा और रथयात्रा का व्यापक उत्साह देखने को मिलता है।

