Central Samvadरायपुर, 17 जुलाई 2026
स्वास्थ्य विभाग छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित विशेष एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण सप्ताह के तहत 17 जुलाई को आयोजित विशेष टीकाकरण दिवस पर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले ने पूरे प्रदेश में सर्वाधिक बालिकाओं का टीकाकरण कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। यह उपलब्धि सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम और किशोरियों के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

13 से 18 जुलाई तक चल रहे अभियान के अंतर्गत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई जा रही है। जिले को 3,893 बालिकाओं के टीकाकरण का लक्ष्य मिला है। विशेष टीकाकरण दिवस पर 74 विद्यालयों में अभियान चलाया गया, जिसमें लगभग 809 बालिकाओं का ऑनलाइन तथा 1,100 बालिकाओं का ऑफलाइन पंजीकरण एवं टीकाकरण किया गया।

कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन ने समन्वित रूप से कार्य किया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामेश्वर शर्मा सहित चिकित्सा अधिकारियों, शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन ने अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार विद्यालय आधारित इस अभियान के माध्यम से बालिकाओं और उनके अभिभावकों को एचपीवी संक्रमण, सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम तथा टीकाकरण के महत्व के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है। राज्य सरकार का लक्ष्य प्रत्येक पात्र बालिका तक यह सुरक्षा कवच पहुंचाकर उनके स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य को सुनिश्चित करना है।

