Central Samvadरायपुर, 17 जुलाई 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार दूरस्थ और विशेष पिछड़ी जनजातीय क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग ने विकासखंड गौरेला के दुर्गम बैगा बाहुल्य ग्राम छिरहिट्टी (साल्हेघोरी) में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों ने गांव पहुंचकर 164 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण, निःशुल्क उपचार, परामर्श और दवाइयों का वितरण किया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामेश्वर शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में हड्डी रोग, महिला रोग, नेत्र रोग और मेडिसिन विशेषज्ञों ने सेवाएं दीं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी शिविर के सफल संचालन में सक्रिय भूमिका निभाई।
शिविर का उद्देश्य मौसमी बीमारियों की समय पर पहचान, उपचार तथा जरूरतमंद मरीजों को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा।स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि विशेष पिछड़ी जनजातीय और दूरस्थ क्षेत्रों में नियमित रूप से ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
साथ ही ग्रामीणों को स्वच्छता, पोषण, मौसमी बीमारियों से बचाव और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है। राज्य सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश का कोई भी नागरिक स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित न रहे और जरूरतमंदों तक विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उनके घर के नजदीक ही पहुंच सकें।

