Central Samvadरायपुर, 16 जुलाई 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने जशपुर के बगिया हेलीपैड परिसर में वन विभाग की अभिनव पहल ‘ट्री एटीएम’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मोबाइल ट्री एटीएम के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आम नागरिकों को निःशुल्क पौधों का वितरण किया जाएगा तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने स्वयं ट्री एटीएम से आंवला का पौधा प्राप्त कर लोगों को भी पौधों का वितरण किया। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित, स्वच्छ और हरित भविष्य की मजबूत नींव बनेगा।
उन्होंने प्रदेशवासियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक पौधरोपण करने और पौधों की देखभाल का संकल्प लेने का आह्वान किया।वन विभाग की इस पहल के तहत केवल निःशुल्क पौधों का वितरण ही नहीं, बल्कि पौधरोपण की सही वैज्ञानिक विधि, पौधों के संरक्षण और उनकी नियमित देखभाल की जानकारी भी दी जाएगी।
‘आज का पौधा, आने वाली पीढ़ियों की छांव’ संदेश के साथ शुरू किया गया यह अभियान पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी बढ़ाने और पौधों के जीवित रहने की दर में सुधार लाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

