Central Samvadनई दिल्ली, 24 जुलाई 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने के लिए केंद्र सरकार सख्त कदम उठा रही है और इस दिशा में नया कानून लाने का वादा किया है। कल देर रात सोशल मीडिया में जारी एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य परीक्षाओं की पारदर्शिता बनाए रखना और विद्यार्थियों के भविष्य की रक्षा करना है।

माना जा रहा है कि आज होने वाली केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में इस संबंध में कड़े प्रावधानों पर विचार किया जा सकता है।प्रधानमंत्री ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि पेपर लीक लाखों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के लिए बेहद पीड़ादायक विषय है।
उन्होंने बताया कि पिछले ढाई महीनों में सरकार ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। पेपर लीक के मामलों में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है और जांच एजेंसियां लगातार कार्रवाई कर रही हैं।उन्होंने कहा कि सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना थी कि विद्यार्थियों का एक शैक्षणिक वर्ष व्यर्थ न जाए।
इसी उद्देश्य से कम समय में लगभग 22 लाख विद्यार्थियों की दोबारा परीक्षाएं कराने की व्यवस्था की गई, ताकि उनकी पढ़ाई और भविष्य प्रभावित न हो।प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि सरकार के नए और कड़े कदमों से भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगेगा और प्रतियोगी परीक्षाओं में युवाओं का भरोसा और मजबूत होगा।

