Central Samvadरायपुर, 24 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माण के आकर्षक गंतव्य के रूप में विकसित करने की दिशा में पहल तेज हो गई है। इसी क्रम में ‘भारत भाग्य विधाता’ फिल्म के लेखक-निर्देशक श्री मनोज तापड़िया और फिल्म निर्माता श्री आदि शर्मा ने छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य से सौजन्य मुलाकात की।

बैठक में चित्रोत्पला फिल्म सिटी के विकास, राज्य में फिल्म पर्यटन को बढ़ावा देने और छत्तीसगढ़ को बड़े फिल्म निर्माताओं के लिए पसंदीदा शूटिंग लोकेशन के रूप में स्थापित करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।इस दौरान छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, वन क्षेत्र, जलप्रपात, ऐतिहासिक धरोहर और जनजातीय संस्कृति को फिल्म निर्माण के लिए बड़ी संभावनाओं के रूप में रेखांकित किया गया।
इन विशेषताओं को देश-विदेश के फिल्म निर्माताओं तक पहुंचाने और राज्य में फिल्म गतिविधियों को बढ़ावा देने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।चर्चा में चित्रोत्पला फिल्म सिटी को आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक संपूर्ण फिल्म परिसर के रूप में विकसित करने पर जोर दिया गया, जहां शूटिंग, निर्माण और फिल्म से जुड़ी अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के एमडी विवेक आचार्य ने कहा कि चित्रोत्पला फिल्म सिटी का विकास प्रदेश के पर्यटन और फिल्म क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा। इससे स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं को रोजगार एवं कौशल विकास के नए अवसर मिलेंगे। साथ ही पर्यटन, आतिथ्य, परिवहन और स्थानीय व्यवसायों को भी लाभ मिलेगा।
बैठक में फिल्म उद्योग से जुड़े विशेषज्ञों, निर्माताओं और निर्देशकों के साथ निरंतर संवाद और सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी। छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक और सांस्कृतिक खूबियों के साथ आधुनिक फिल्म अवसंरचना को जोड़कर प्रदेश को फिल्म निर्माण के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
यदि चित्रोत्पला फिल्म सिटी की यह परिकल्पना धरातल पर साकार होती है, तो यह छत्तीसगढ़ के लिए एक बड़ी उपलब्धि होगी। इससे प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच मिलेगा। साथ ही फिल्म निर्माण, पर्यटन और स्थानीय रोजगार के क्षेत्र में नए अवसर भी पैदा हो सकते हैं।

