Central Samvadरायपुर, 3 अगस्त 2026
स्वर्गीय श्री द्वारिका प्रसाद तिवारी स्मृति खेल समिति के तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय अंतरशालेय खेल प्रतियोगिता का आयोजन सामुदायिक भवन, सेक्टर-1, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, सड्डू में उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ। प्रतियोगिता में रायपुर के लगभग 10 विद्यालयों के करीब 70 विद्यार्थियों ने भाग लिया और विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

जूनियर और सीनियर वर्ग में शतरंज, कैरम, योग, हुला हूप और लेमन रेस प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने अनुशासन, खेल भावना और उत्साह के साथ प्रतिस्पर्धा की। विभिन्न खेलों के लिए नियुक्त निर्णायकों ने उत्कृष्ट खिलाड़ियों का चयन किया।मुख्य अतिथि शताब्दी पाण्डेय ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

इससे अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का विकास होता है। विशिष्ट अतिथि स्वराज करूण ने कहा कि खेल शारीरिक विकास के साथ धैर्य, सौहार्द और बौद्धिक क्षमता को भी मजबूत बनाते हैं।समापन समारोह में विजेताओं को मेडल, प्रशस्ति-पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी एवं कोच पवन कुमार सिंह को स्वर्गीय श्री द्वारिका प्रसाद तिवारी स्मृति खेल सम्मान–2026 से शॉल और प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्वर्गीय श्री द्वारिका प्रसाद तिवारी के कबड्डी खिलाड़ी, कोच और मैनेजर के रूप में योगदान पर आधारित पुस्तक ‘नींव का पत्थर’ का विमोचन भी किया गया तथा इसकी प्रतियां खिलाड़ियों को भेंट की गईं।समारोह में सुबोध पाण्डेय, संजय दीवान, अशोक कुमार वर्मा, राम मौर्य, संदीप कुमार त्रिपाठी, रूद्र मिश्रा, अभि मिश्रा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
आयोजन समिति की संरक्षक कल्याणी तिवारी, अध्यक्ष केवल कृष्ण और उपाध्यक्ष आलोक तिवारी ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, विद्यालयों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

