Central Samvadरायपुर, 3 अगस्त 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि दिव्यांगजनों का सम्मान, सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि किसी भी विकसित समाज की पहचान समान अवसर और सम्मान से होती है तथा सरकार दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

राजधानी रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित प्रोजेक्ट ‘सहारा’ के तहत दिव्यांगजन सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 3.58 करोड़ रुपये की लागत से मोटराइज्ड ट्राई साइकिल, व्हीलचेयर, हियरिंग एड, कृत्रिम अंग, वैशाखी, वॉकिंग स्टिक सहित विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए। इस अभियान से कुल 1739 दिव्यांगजन लाभान्वित हुए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ‘दिव्यांग’ शब्द दिए जाने से सम्मान और आत्मगौरव की नई भावना विकसित हुई है। उन्होंने कहा कि यह केवल शब्द परिवर्तन नहीं, बल्कि समाज की सोच में सकारात्मक बदलाव का प्रतीक है।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम के जीर्णोद्धार, मरम्मत और सौंदर्यीकरण के लिए 7 करोड़ रुपये देने की घोषणा भी की।

उन्होंने कहा कि मजबूत खेल अधोसंरचना खिलाड़ियों के साथ-साथ सामाजिक और जनहितकारी आयोजनों के लिए भी आवश्यक है।मुख्यमंत्री ने बताया कि रायपुर जिले में विशेष स्क्रीनिंग अभियान के माध्यम से 1600 से अधिक दिव्यांगजनों की पहचान की गई। केंद्र सरकार से प्राप्त 3.58 करोड़ रुपये की सहायता से पहले 500 से 600 हितग्राहियों को उपकरण दिए जा चुके हैं, जबकि अब 1000 से अधिक लाभार्थियों को उपकरण वितरित किए गए हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रोजेक्ट सरल एवं प्रोजेक्ट गोल्डन आवर का शुभारंभ किया तथा “नवाचार से प्रगति पथ पर अग्रसर रायपुर” कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। उन्होंने जिला प्रशासन की प्रोजेक्ट धड़कन, सुरक्षा, रेडक्रॉस, दधीचि, जिंदगी मुस्कुराएगी, निःक्षय मित्र और वंदन जैसी जनहितकारी पहलों की भी सराहना की।

कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक सुनील सोनी, अनुज शर्मा, इंद्रकुमार साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन कुमार अग्रवाल, प्रमुख सचिव शहला निगार, संभागायुक्त श्याम धावड़े, कलेक्टर गौरव सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, समाजसेवी और बड़ी संख्या में दिव्यांगजन उपस्थित रहे।

