Central Samvadनई दिल्ली, 3 अगस्त 2026
संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही सोमवार को विभिन्न मुद्दों पर विपक्ष के हंगामे के कारण बार-बार बाधित रही। नीट परीक्षा से जुड़े छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान कथित पुलिस कार्रवाई को लेकर विपक्ष ने केंद्र सरकार से जवाब की मांग की, जिसके चलते लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही प्रभावित हुई।

लोकसभा में कार्यवाही दोबारा शुरू होने पर सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने भारतीय सांख्यिकी संस्थान विधेयक, 2026 पेश किया। वहीं वित्त मंत्री निर्मला सीतारामण ने बैंकरों के बहीखातों का साक्ष्य विधेयक, 2026 सदन में प्रस्तुत किया।इस दौरान विपक्षी सदस्य केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से नीट मुद्दे पर जवाब की मांग करते हुए सदन के बीच आ गए।
पीठासीन अधिकारी कृष्ण प्रसाद टेनेटी ने सदस्यों से अपनी सीटों पर लौटने की अपील की, लेकिन हंगामा जारी रहने पर पहले कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक और बाद में पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई।उधर, राज्यसभा में भी विपक्ष के हंगामे के कारण कार्यवाही सुचारु रूप से नहीं चल सकी। सभापति सी. पी. राधाकृष्णन ने आवश्यक दस्तावेज पटल पर रखे जाने के बाद सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी।
इससे पहले दोनों सदनों में ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर खिलाड़ियों को बधाई दी गई। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और राज्यसभा सभापति सी. पी. राधाकृष्णन ने विशेष रूप से पैरा एथलीटों के ऐतिहासिक प्रदर्शन की सराहना की। लोकसभा अध्यक्ष ने यह भी बताया कि वर्ष 2030 के राष्ट्रमंडल खेल गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित किए जाएंगे।

