रायपुर, 9 अगस्त 2026। बीजापुर जिले के उसूर विकासखंड स्थित प्राथमिक शाला मेटापारा, कोरसागुड़ा का 21 वर्षों बाद फिर से संचालन शुरू किया गया है। स्कूल खुलने से गांव के बच्चों को अब अपने ही गांव में पढ़ाई का अवसर मिलेगा।

स्कूल के दोबारा शुरू होने पर प्रवेश लेने वाले 25 बच्चों का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया गया। बच्चों को स्लेट, पुस्तकें और पेंसिल भी वितरित की गईं। लंबे समय बाद स्कूल खुलने से ग्रामीणों और अभिभावकों में उत्साह का माहौल है।जिला पंचायत सदस्य शंकरैया माड़वी ने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि शिक्षा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है।जिला शिक्षा अधिकारी राजेश पांडे के अनुसार, राज्य शासन और जिला प्रशासन के प्रयासों से वर्तमान शिक्षा सत्र में बीजापुर जिले के 38 बंद स्कूल फिर से शुरू किए जा चुके हैं।
स्थानीय संसाधनों और शिक्षादूतों की मदद से इन स्कूलों में पढ़ाई शुरू कराई गई है।स्कूलों के पुनः संचालन से दूरस्थ और लंबे समय से शिक्षा से वंचित बच्चों को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिल रही है।

