Central Samvadरायपुर, 16 अगस्त 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास परिसर में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया।

उन्होंने अटल जी के राष्ट्रसेवा, सुशासन और छत्तीसगढ़ निर्माण में योगदान को याद किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष श्री अनुराग सिंहदेव भी उपस्थित रहे।मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि अटल जी छत्तीसगढ़ के निर्माता और प्रदेशवासियों की भावनाओं का सम्मान करने वाले महान राष्ट्रनायक थे।

उनके दूरदर्शी नेतृत्व और दृढ़ संकल्प से छत्तीसगढ़ को पृथक राज्य के रूप में पहचान मिली। यह ऐतिहासिक निर्णय प्रदेश के इतिहास में सदैव स्मरणीय रहेगा।उन्होंने कहा कि अटल जी का छत्तीसगढ़ से गहरा आत्मीय संबंध था। उन्हें स्वयं भी अटल जी का स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन प्राप्त करने का सौभाग्य मिला। उनकी स्मृतियां आज भी जनसेवा के लिए प्रेरणा देती हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी संवेदनशील कवि, प्रखर पत्रकार, ओजस्वी वक्ता और दूरदर्शी राजनेता थे।
वे दलगत सीमाओं से ऊपर उठकर सभी वर्गों का सम्मान प्राप्त करने वाले सर्वस्वीकार्य नेता थे। राष्ट्रहित और मां भारती की सेवा उनके जीवन का सर्वोच्च ध्येय रहा।श्री साय ने कहा कि अटल जी ने सुशासन और अंत्योदय को शासन का आधार बनाया। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से गांवों को सड़कों से जोड़ने तथा किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के उनके प्रयासों का दूरगामी प्रभाव पड़ा। जनजातीय समाज के विकास के लिए पृथक जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन भी उनके कार्यकाल की महत्वपूर्ण पहल थी।मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी ने जिस छत्तीसगढ़ की आधारशिला रखी, उसे समृद्ध, विकसित और आत्मनिर्भर बनाना हम सभी का दायित्व है।
उनकी सरकार सुशासन, अंत्योदय और जनकल्याण के मूल्यों को आगे बढ़ाते हुए प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ आज विकास और सुशासन के नए अध्याय लिख रहा है। गांव, गरीब, किसान, युवा, महिला और जनजातीय समाज के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना सरकार की प्राथमिकता है। अटल जी के सपनों के अनुरूप विकसित और समृद्ध छत्तीसगढ़ का निर्माण ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

