Central Samvadरायपुर, 16 अगस्त 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के पचपेड़ी नाका स्थित रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल परिसर में अत्याधुनिक रामकृष्ण केयर कैंसर इंस्टीट्यूट का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कैंसर इंस्टीट्यूट में उपलब्ध उपचार सुविधाओं और आधुनिक मशीनरी का अवलोकन किया तथा अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों को इस पहल के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने डॉ. संदीप दवे के भाई स्वर्गीय श्री प्रदीप दवे को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल पिछले 36 वर्षों से छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय प्रदीप दवे के कैंसर से निधन के बाद इस गंभीर बीमारी के खिलाफ बेहतर उपचार सुविधाएं विकसित करने का संकल्प मजबूत हुआ और आज उसी संकल्प का परिणाम कैंसर इंस्टीट्यूट के रूप में सामने आया है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कैंसर मरीजों को अब एक ही परिसर में जांच, उपचार और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। निजी क्षेत्र की ऐसी पहल से प्रदेश में आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को नई गति मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह संस्थान आने वाले समय में बड़ी संख्या में मरीजों को बेहतर कैंसर उपचार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य गठन के 25 वर्षों में छत्तीसगढ़ ने स्वास्थ्य क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेशवासियों को बेहतर और आधुनिक उपचार के लिए दूसरे राज्यों का रुख न करना पड़े और उन्हें सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं प्रदेश में ही उपलब्ध हों।कैंसर की समय पर पहचान जरूरी : डॉ. रमन सिंहविधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कैंसर इंस्टीट्यूट के शुभारंभ को प्रदेश के स्वास्थ्य क्षेत्र की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि कैंसर केवल मरीज की नहीं, बल्कि पूरे परिवार की पीड़ा होती है। कैंसर की रोकथाम और प्रभावी उपचार के लिए नियमित स्क्रीनिंग और शुरुआती जांच बेहद जरूरी है।

प्रारंभिक चरण में बीमारी की पहचान होने पर उपचार की संभावनाएं बेहतर होती हैं।उन्होंने कहा कि रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल में पहले से उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ अब कैंसर उपचार की सुविधा जुड़ने से मरीजों को एक ही स्थान पर व्यापक चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी।15 मेडिकल कॉलेज से बढ़ा स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा : स्वास्थ्य मंत्रीस्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि रामकृष्ण केयर कैंसर इंस्टीट्यूट के शुरू होने से प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण नई सुविधा जुड़ी है। उन्होंने बताया कि राज्य गठन के समय छत्तीसगढ़ में केवल एक मेडिकल कॉलेज था। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में यह संख्या बढ़कर 10 हुई और वर्तमान सरकार के कार्यकाल में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के बाद प्रदेश में अब 15 मेडिकल कॉलेज हैं।उन्होंने कहा कि प्रदेश में सुपर स्पेशलिटी स्वास्थ्य सेवाओं का भी विस्तार किया जा रहा है। दो नए सुपर स्पेशलिटी अस्पतालों पर काम चल रहा है।
बस्तर में सुपर स्पेशलिटी सुविधाओं के विस्तार से गंभीर मरीजों को रायपुर लाने की आवश्यकता कम हुई है, वहीं जगदलपुर में जटिल हृदय सर्जरी भी संभव हो रही है। बिलासपुर में भी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का शुभारंभ हो चुका है।कार्यक्रम में सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, विधायक श्री मोतीलाल साहू, चिकित्सक, स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े लोग और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

