Central Samvadरायपुर, 23 अगस्त 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रायपुर प्रेस क्लब द्वारा विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर आयोजित पांच दिवसीय फोटो जर्नलिस्ट फेस्ट ‘दृश्य संवाद 2026’ के समापन समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया और फोटो पत्रकारों एवं प्रतिभागियों की तस्वीरों की सराहना की।

प्रदर्शनी में मुख्यमंत्री के सार्वजनिक जीवन और ग्रामीण पृष्ठभूमि से जुड़ी पुरानी तस्वीरें भी प्रदर्शित की गई थीं। इन्हें देखकर मुख्यमंत्री ने अपने राजनीतिक जीवन, गांव और खेती-किसानी से जुड़े पुराने संस्मरण साझा किए। पहली बार विधायक बनने के समय की तस्वीर देखकर उन्होंने उस दौर में विशेष रूप से सफारी सूट सिलवाने का किस्सा भी बताया।

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं कैमरा थामकर एक फोटो पत्रकार की तस्वीर खींची। यह सहज पल आयोजन के प्रमुख आकर्षणों में रहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि तस्वीरें केवल किसी घटना को दर्ज नहीं करतीं, बल्कि समय, समाज और स्मृतियों को आने वाली पीढ़ियों के लिए सहेजती हैं।

उन्होंने कठिन परिस्थितियों में घटनाओं को कैमरे में दर्ज करने वाले फोटो पत्रकारों के योगदान की सराहना की।‘दृश्य संवाद 2026’ में प्रकृति एवं पर्यावरण, संस्कृति एवं परंपरा तथा समाचार और जनसरोकार से जुड़ी तस्वीरें प्रदर्शित की गईं। इन तस्वीरों में छत्तीसगढ़ के जीवन, समाज और परिवेश के विविध रंग देखने को मिले।
पांच दिवसीय आयोजन के दौरान पत्रकारों, विद्यार्थियों, फोटोग्राफी प्रेमियों और नागरिकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।मुख्यमंत्री ने आयोजन के लिए रायपुर प्रेस क्लब, फोटो पत्रकारों और सभी प्रतिभागियों को बधाई दी तथा कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को फोटोग्राफी और फोटो पत्रकारिता की बारीकियों को समझने का अवसर प्रदान करते हैं।

