Central Samvadरायपुर, 29 अगस्त 2026
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में राज्य खेल अलंकरण समारोह आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वर्ष 2023-24, 2024-25 और 2025-26 के 126 उत्कृष्ट खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को राज्य खेल अलंकरण प्रदान किए।समारोह में राज्य खेल अलंकरण प्राप्त खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के अलावा 540 अन्य खिलाड़ियों को भी नगद प्रोत्साहन राशि दी गई।

इस तरह कुल 666 खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को 1 करोड़ 74 लाख 19 हजार रुपये से अधिक की पुरस्कार एवं प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं को तलाशने, तराशने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

खिलाड़ियों को संसाधनों और अवसरों की कमी के कारण पीछे नहीं रहना पड़े, इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।उन्होंने बताया कि उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए शासकीय सेवा के अवसर भी खोले जा रहे हैं। प्रदेश के 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सूची जारी की गई है, जिससे उनके लिए सरकारी नौकरी का रास्ता खुला है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर ओलंपिक, सरगुजा ओलंपिक और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स जैसे आयोजनों से प्रदेश के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है। बस्तर ओलंपिक के पहले आयोजन में 1.65 लाख और दूसरे वर्ष 3.91 लाख युवाओं ने भाग लिया।खेलों के विकास के लिए मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के तहत 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

साथ ही रायपुर, रायगढ़ और कुनकुरी में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित किए जा रहे हैं। नवा रायपुर में करीब 67 करोड़ रुपये की लागत से तीरंदाजी अकादमी और पंडरापाट में करीब 18 करोड़ रुपये की लागत से तीरंदाजी अकादमी विकसित की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए मजबूत व्यवस्था उपलब्ध कराना है। समारोह में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू सहित जनप्रतिनिधि, खेल संघों के पदाधिकारी, खिलाड़ी और प्रशिक्षक मौजूद रहे।

