चेन्नई रोड शो में 130 से अधिक टूर ऑपरेटर जुड़े
Central Samvadरायपुर, 3 सितंबर 2026
छत्तीसगढ़ के पर्यटन को दक्षिण भारत के प्रमुख पर्यटन बाजार से जोड़ने और राज्य में पर्यटकों की संख्या बढ़ाने की दिशा में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने चेन्नई में बीते कल “छत्तीसगढ़ टूरिज्म रोड शो” का आयोजन किया। फिक्की के सहयोग से आयोजित इस रोड शो में चेन्नई के 130 से अधिक ट्रैवल एजेंट और टूर ऑपरेटर शामिल हुए।

कार्यक्रम में हुई बिजनेस-टू-बिजनेस (B2B) बैठकों के दौरान छत्तीसगढ़ और चेन्नई के पर्यटन व्यवसायियों के बीच सीधा संवाद हुआ। इससे भविष्य में पर्यटक समूहों को छत्तीसगढ़ भ्रमण के लिए जोड़ने और कारोबारी साझेदारी बढ़ाने की संभावनाएं मजबूत हुईं।रोड शो में छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थलों, पर्यटन उत्पादों और निवेश की संभावनाओं की जानकारी चेन्नई के पर्यटन व्यवसायियों को दी गई।

छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चेन्नई के पर्यटन व्यवसायियों को छत्तीसगढ़ के पर्यटन क्षेत्र से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया।पर्यटन विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन (IAS) और छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक सौमिल रंजन चौबे (IAS) भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
सौमिल रंजन चौबे ने छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थलों, पर्यटन उत्पादों और राज्य में निवेश की संभावनाओं पर प्रस्तुतीकरण दिया।रोड शो की खास बात यह रही कि पहली बार छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों और संभावनाओं का प्रस्तुतीकरण तमिल भाषा में किया गया। इससे चेन्नई के स्थानीय पर्यटन व्यवसायियों और संभावित पर्यटकों के साथ बेहतर जुड़ाव बनाने में मदद मिली।
सचिव डॉ. एस. भारतीदासन ने तमिल और अंग्रेजी में छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक, सांस्कृतिक और विरासत संपदा की संभावनाओं को सामने रखा।कार्यक्रम में भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय की सहायक निदेशक एस. पद्मावती, फिक्की छत्तीसगढ़ टूरिज्म कमेटी के चेयरपर्सन एवं फिक्की छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष जसप्रीत सिंह भाटिया, फिक्की तमिलनाडु स्टेट काउंसिल के को-कन्वीनर श्रीहरन बालन और तमिलनाडु पर्यटन के निदेशक डॉ. वी.पी. जयसीलन (IAS) सहित पर्यटन क्षेत्र के कई प्रमुख प्रतिनिधि मौजूद रहे।
चेन्नई में पदस्थ छत्तीसगढ़ कैडर के वरिष्ठ IAS अधिकारी के.सी. देवासेनापति और एलेक्स पॉल मेनन भी विशेष रूप से कार्यक्रम में शामिल हुए। दोनों अधिकारियों ने छत्तीसगढ़ से अपने जुड़ाव और राज्य की पर्यटन संभावनाओं पर विचार साझा किए।B2B बैठकों के जरिए दोनों राज्यों के पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोगों को व्यापारिक सहयोग, पर्यटक समूहों के आवागमन और पर्यटन उत्पादों के प्रचार-प्रसार पर सीधे चर्चा का अवसर मिला।
छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की यह पहल दक्षिण भारतीय पर्यटन बाजार में राज्य को नई पहचान दिलाने और नए कारोबारी अवसर विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

