Central Samvadरायपुर, 08 सितंबर 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंत्रालय महानदी भवन में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की समीक्षा बैठक में शहरों में नागरिक सुविधाओं और विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को स्वच्छता, शुद्ध पेयजल, बेहतर सड़क, प्रकाश व्यवस्था और सुगम सार्वजनिक परिवहन जैसी मूलभूत सुविधाएं गुणवत्तापूर्ण तरीके से मिलनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने नालंदा परिसरों के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए। प्रदेश के 38 नगरीय निकायों में नालंदा परिसर स्वीकृत हैं, जिनमें 31 का निर्माण प्रगतिरत है। उन्होंने नगरोत्थान योजना और आदर्श शहर समृद्धि योजना के तहत चल रहे कार्यों की भी समीक्षा की।बैठक में बताया गया कि स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 में 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में रायपुर ने 189 अंक के साथ देश में छठा स्थान हासिल किया है।

मुख्यमंत्री ने उपलब्धि के लिए विभाग और नगर निगम की टीम को बधाई देते हुए शहरों में हरित क्षेत्र बढ़ाने और व्यापक वृक्षारोपण के निर्देश दिए।प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के तहत रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और कोरबा में कुल 240 ई-बसें चलाने की तैयारी है। इसके लिए आवश्यक अधोसंरचना मार्च 2027 से पहले तैयार करने का लक्ष्य है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के पात्र हितग्राहियों को जल्द आवास उपलब्ध कराने, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों का त्वरित निराकरण और नगरीय निकायों में राजस्व एवं कर संकलन बढ़ाने पर जोर दिया।अमृत मिशन 2.0 की धीमी प्रगति पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताते हुए लंबित कार्यों को मिशन मोड में पूरा करने और शहरी क्षेत्रों में शत-प्रतिशत पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वहीं, प्रदेश के 8 नगरीय निकायों में करीब 800 करोड़ रुपये की लागत से कम्प्रेस्ड बायो गैस (CBG) प्लांट स्थापित किए जा रहे हैं।बैठक में उप मुख्यमंत्री अरुण साव सहित नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

