Central Samvadबिलासपुर, 09 सितंबर 2026
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की श्री रामलला दर्शन योजना के तहत बिलासपुर रेलवे स्टेशन से 850 श्रद्धालुओं को लेकर विशेष ट्रेन अयोध्या धाम के लिए रवाना हुई। बिलासपुर संभाग के विभिन्न जिलों से आए श्रद्धालु अयोध्या में श्री रामलला और वाराणसी में काशी विश्वनाथ के दर्शन करेंगे।

बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी और जिला पंचायत सभापति भारती नीरज माली सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। इस दौरान स्टेशन पर श्रद्धालुओं और उनके परिजनों में उत्साह का माहौल रहा।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि श्री रामलला दर्शन योजना प्रदेशवासियों को देश की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने की महत्वपूर्ण पहल है। अयोध्या और काशी की यात्रा श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक अनुभव के साथ भारतीय संस्कृति से जुड़ने का अवसर भी है।

राज्य सरकार के अनुसार, योजना के माध्यम से अब तक प्रदेश के 50 हजार से अधिक नागरिक श्री रामलला के दर्शन कर चुके हैं। यात्रा की व्यवस्थाओं में जिला प्रशासन, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड और आईआरसीटीसी की भूमिका रही।

