Central Samvadरायपुर 10 सितंबर 2026
रायपुर के महंत घासीदास संग्रहालय परिसर स्थित मुक्ताकाशी मंच पर संस्कृति विभाग की ‘रंग परब’ नाट्य श्रृंखला के दूसरे दिन दो अलग-अलग रंग शैलियों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को प्रभावित किया।रंग तरंग भिलाई की ओर से भारत भूषण परगनिहा के निर्देशन में छत्तीसगढ़ी हास्य नाटिका ‘कोन चीज के डायरेक्टर होही’ का मंचन हुआ।

हास्य और मनोरंजन से भरपूर इस प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा।वहीं श्री आर्ट संस्था, लाखेनगर की ओर से श्रीमती ममता आहार श्रिया ने ‘मीरा’ विषय पर एकल अभिनय प्रस्तुत किया। संवाद, भक्ति गीत और मीरा के विषपान के मार्मिक दृश्य ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

कलाकार ने मीरा की भक्ति, समर्पण और भावनात्मक संघर्ष को प्रभावी ढंग से जीवंत किया।संस्कृति एवं पुरातत्व संचालक डॉ. संजय कनौजे ने कहा कि नाटक मनोरंजन के साथ समाज का जीवंत दर्पण भी है। रंगमंच हमारी संवेदनाओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति और मानवीय मूल्यों को प्रभावशाली ढंग से सामने लाता है।

कार्यक्रम में कवि मीर अली मीर, वरिष्ठ पत्रकार एवं छायाकार दीपेंद्र दीवान, साहित्यकार विजय मिश्रा, उदयभान चौहान, अरविंद मिश्ररूप सहित संस्कृति विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।
‘रंग परब’ के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोकभाषा, साहित्य, संस्कृति और रंगमंचीय परंपरा को मंच मिल रहा है।

