Central Samvad रायपुर 10 सितंबर 2026
पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर में ‘नशा मुक्त युवा-विकसित भारत’ संकल्प अभियान के तहत एक माह से चल रहे जागरूकता कार्यक्रमों का समापन हुआ। कुलाधिपति एवं राज्यपाल रमेन डेका कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।राज्यपाल ने युवाओं से नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में लगाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि नशे के विरुद्ध लड़ाई केवल सरकार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है। पारंपरिक नशे के साथ सूखे नशे और डिजिटल एडिक्शन का बढ़ता चलन भी गंभीर चुनौती है।उन्होंने कहा कि नशे की गिरफ्त में आए व्यक्ति के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाते हुए काउंसलिंग और जरूरत पड़ने पर उपचार उपलब्ध कराया जाना चाहिए।
परीक्षा का दबाव, करियर की चिंता और असफलता के भय से निपटने के लिए नशा समाधान नहीं है। युवाओं को अनुशासन, समय की पाबंदी, नियमित अध्ययन और डिजिटल माध्यमों के संतुलित उपयोग को जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।कार्यक्रम में हार्टफुलनेस आश्रम, हैदराबाद के संचालक त्रिलोचन चावला ने नशा मुक्ति के मनोवैज्ञानिक पहलुओं पर विद्यार्थियों को संबोधित किया और उन्हें नशा मुक्त भारत अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ दिलाई। अभियान के दौरान आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं तथा वरिष्ठ प्रोफेसर राजीव चौधरी को राज्यपाल ने सम्मानित किया। रक्तदान शिविर के लिए रेडक्रॉस एवं रोटरी संस्था के प्रतिनिधियों को प्रशस्ति-पत्र भी प्रदान किए गए।

