Central Samvad रायपुर 10 सितंबर 2026मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विद्यार्थियों और नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए प्रदेश के सभी जिलों में हॉस्टल, पीजी, कोचिंग सेंटर, स्कूल और बड़े शैक्षणिक भवनों का तत्काल निरीक्षण एवं सेफ्टी ऑडिट कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी घटना का इंतजार करने के बजाय संभावित जोखिमों की पहले पहचान कर समय रहते कार्रवाई की जाए।

मुख्यमंत्री ने कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देशित किया कि पुराने और जर्जर भवनों की वास्तविक स्थिति का आकलन कर जोखिमपूर्ण भवनों में आवश्यक सुधार तत्काल कराया जाए। विद्यार्थियों और बच्चों से जुड़े संस्थानों में सुरक्षा मानकों के पालन में किसी भी तरह की शिथिलता नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि निर्देशों के पालन में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने अवैध और मिलावटी शराब के खिलाफ भी प्रदेशभर में सख्त अभियान चलाने के निर्देश दिए। पुलिस, आबकारी और जिला प्रशासन को संयुक्त रूप से कार्रवाई करने तथा अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने को कहा गया। दूसरे राज्यों से अवैध शराब की आवक रोकने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों और प्रमुख परिवहन मार्गों पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में मुख्य सचिव विकास शील, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा, वन विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, विशेष सचिव रजत बंसल, संयुक्त सचिव प्रभात मलिक सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

