Central Samvad रायपुर, 23 सितंबर 2026
दक्षिण छत्तीसगढ़ के दूरस्थ क्षेत्रों को रेल नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में भारतीय रेलवे ने महत्वपूर्ण प्रगति की है। दल्लीराजहरा-रावघाट नई रेल लाइन परियोजना के अंतिम ताड़ोकी-रावघाट खंड का कार्य पूरा हो गया है। 17.5 किलोमीटर लंबा यह खंड 95 किलोमीटर लंबी परियोजना का हिस्सा है और सिंगल लाइन विद्युतीकृत ब्रॉड गेज रेल मार्ग है।

इस खंड का सीआरएस निरीक्षण और गति परीक्षण किया गया। इस दौरान रेल पटरी, पुल-पुलियों, विद्युतीकरण, सिग्नलिंग और अन्य सुरक्षा एवं तकनीकी व्यवस्थाओं की जांच की गई। वर्तमान में दल्लीराजहरा से ताड़ोकी तक रेल सेवाएं उपलब्ध हैं। ताड़ोकी-रावघाट खंड में रेल परिचालन शुरू होने से क्षेत्र का रेल संपर्क और मजबूत होगा।
नई रेल लाइन से भिलाई इस्पात संयंत्र तक लौह अयस्क के परिवहन को सुगम बनाने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही कृषि उत्पादों और स्थानीय वाणिज्यिक वस्तुओं के परिवहन को भी बेहतर सुविधा मिलेगी।रेल संपर्क बढ़ने से दक्षिण छत्तीसगढ़ के दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को रायपुर और भिलाई से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और व्यापार से जुड़े अवसरों तक पहुंच आसान होने के साथ क्षेत्र में पर्यटन, निवेश और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।

