Central Samvad रायपुर, 23 सितंबर 2026।
नवा रायपुर में महानदी भवन के पास आज बुधवार शाम को कर्मचारियों से भरी चलती बस में अचानक आग लग गई। बस में 30 से ज्यादा कर्मचारी सवार थे, जो कार्यालय से घर लौट रहे थे। अचानक धुआं उठने और आग की लपटें दिखाई देने से उस समय बस में हड़कंप मच गया।

महानदी भवन के पास पहुंचते ही बस के इंजन और पिछले हिस्से से तेज धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं। धुआं बस के अंदर भरने से कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और सभी अपनी जान बचाने के लिए बाहर निकलने लगे।
कुछ कर्मचारियों ने बस से कूदकर भी अपनी जान बचाई।आग तेजी से बढ़ती देख ड्राइवर ने बस रोक दी और कर्मचारी तत्काल बाहर निकल गए। घटना में सभी यात्री बाल-बाल बच गए। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और बस में लगी आग बुझाने में जुट गई।
एहतियात के तौर पर पुलिस ने सड़क के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही भी रोक दी।घटना राखी थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। फिलहाल बस में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस और संबंधित विभाग की ओर से घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।

