Central Samvad रायपुर, 24 सितंबर 2026
विश्व पर्यटन सप्ताह के तहत ग्राम पंचायत थाड़पथरा में ग्रामीण एवं जनजातीय पर्यटन पर ‘रूरल एंड ट्राइबल टूरिज्म वर्कशॉप एवं फील्ड विजिट’ का आयोजन किया गया। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय (आईजीएनटीयू), अमरकंटक के पर्यटन प्रबंधन विभाग के 90 विद्यार्थियों ने इसमें भाग लिया।

विद्यार्थियों ने मडहाउस परिसर से घने जंगलों और अमरावती गंगा नदी के प्राकृतिक परिवेश से होते हुए कमरापथरा मार्ग से ‘माई का मंडप’ तक ट्रैकिंग की। इस दौरान उन्होंने प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के साथ पर्यटन गतिविधियों के विकास की संभावनाओं को समझा।

फील्ड विजिट में विद्यार्थियों ने बैगा जनजाति की पारंपरिक जीवनशैली, रहन-सहन, खान-पान और गोदना परंपरा को करीब से जाना।स्थानीय समुदाय के साथ संवाद के दौरान उन्होंने समझा कि जनजातीय पर्यटन को प्राकृतिक स्थलों के साथ स्थानीय संस्कृति, खान-पान, कला और परंपराओं से जोड़कर विकसित किया जा सकता है।

थाड़पथरा पर्यटन समिति ने विद्यार्थियों का स्वागत कर उन्हें स्थानीय पारंपरिक व्यंजनों से परिचित कराया। कार्यक्रम में पर्यटन नोडल अधिकारी डॉ. राहुल गौतम, ग्रामीण आजीविका मिशन के ब्लॉक मिशन प्रबंधक अभिषेक जायसवाल और पर्यटन समन्वयक हर्ष सोनी ने समुदाय आधारित पर्यटन मॉडल की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि स्थानीय समुदाय की भागीदारी से संस्कृति और प्राकृतिक विरासत के संरक्षण के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था, रोजगार और आजीविका के अवसरों को बढ़ावा दिया जा सकता है। विद्यार्थियों के लिए यह फील्ड विजिट पर्यटन प्रबंधन की पढ़ाई को वास्तविक परिस्थितियों से जोड़ने का व्यावहारिक अवसर बना।

