Central Samvad रायपुर, 24 सितंबर 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि युवा शक्ति विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा, नवाचार और सेवा भावना को सही दिशा देकर समाज और राष्ट्र में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।

मुख्यमंत्री रायपुर के पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में राष्ट्रीय सेवा योजना के राज्य स्तरीय स्थापना दिवस एवं सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है।

उन्होंने एनएसएस स्वयंसेवकों से स्वच्छता, रक्तदान, वृक्षारोपण, जल संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता और नशामुक्ति जैसे अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार युवाओं के लिए शिक्षा, रोजगार, शासकीय सेवा, स्टार्टअप, खेल और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में अवसर बढ़ा रही है।

उन्होंने कहा कि नई औद्योगिक विकास नीति में स्थानीय युवाओं को रोजगार देने पर विशेष जोर दिया गया है। पिछले डेढ़ वर्षों में प्रदेश को 8.25 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं।उन्होंने कहा कि वर्ष 2030 तक प्रदेश में 5 हजार स्टार्टअप को प्रोत्साहित करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि युवा नौकरी पाने के साथ रोजगार देने वाले भी बनें।

मुख्यमंत्री एआई मिशन के तहत छह लाख विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रशिक्षण देने का लक्ष्य है और इसके लिए 500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रदेश में नालंदा परिसरों का निर्माण किया जा रहा है।
साथ ही खेल के क्षेत्र में भी युवाओं को अवसर दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में छत्तीसगढ़ के युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।समारोह में मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले एनएसएस स्वयंसेवकों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा सहित विभागीय अधिकारी, विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के प्रतिनिधि, कार्यक्रम अधिकारी और बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

