Central Samvadरायपुर, 7 सितंबर 2026
राज्यपाल रमेन डेका ने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय में सावित्रीबाई फुले कन्या छात्रावास तथा मेधा एआई एवं मीडिया शोध केंद्र का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण आधार है और इसकी विश्वसनीयता बनाए रखना हर पत्रकार का दायित्व है।

समाचारों में सत्य, तथ्य और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।राज्यपाल ने कहा कि सावित्रीबाई फुले ने महिला शिक्षा और नारी सशक्तिकरण के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके नाम पर कन्या छात्रावास दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाली छात्राओं को सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उनकी शिक्षा और प्रतिभा विकास में सहायक होगा।

मेधा एआई एवं मीडिया शोध केंद्र को महत्वपूर्ण पहल बताते हुए उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से मीडिया और पत्रकारिता तेजी से बदल रही है। केंद्र विद्यार्थियों को नई तकनीकों के जिम्मेदार और प्रभावी उपयोग के लिए तैयार करेगा।उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर उपलब्ध हर सूचना सत्य नहीं होती, इसलिए पत्रकारों को खबर प्रसारित करने से पहले तथ्यों की पुष्टि करनी चाहिए।

श्रेष्ठ पत्रकार वह नहीं जो सबसे पहले खबर दे, बल्कि वह है जो सही और जिम्मेदारी के साथ खबर दे। पत्रकारिता को समाज के अंतिम व्यक्ति की समस्याओं और अनसुने नायक-नायिकाओं को सामने लाने में भी भूमिका निभानी चाहिए।
राज्यपाल ने विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों के कल्याण, शिक्षा की गुणवत्ता और पाठ्यक्रमों की आवश्यक मान्यता पर विशेष ध्यान देने तथा विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाकर कम से कम एक हजार करने का लक्ष्य निर्धारित करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर कुलपति मनोज दयाल ने स्वागत उद्बोधन दिया। विश्वविद्यालय के विभागाध्यक्ष, शिक्षक, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

