Central Samvad रायपुर 15 सितंबर 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ तेजी से देश के प्रमुख स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। नवा रायपुर में आयोजित ‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ प्रदेश को देश-दुनिया के गोल्फ मानचित्र पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।मुख्यमंत्री ने नवा रायपुर स्थित फेयरवे गोल्फ एंड कंट्री क्लब रिजॉर्ट में प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण किया और गोल्फ में हाथ आजमाकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

इस अवसर पर 1983 विश्वकप विजेता भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान एवं प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया के अध्यक्ष कपिल देव भी मौजूद रहे।प्रतियोगिता में देश-विदेश के 132 प्रोफेशनल गोल्फर हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 18 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों का छत्तीसगढ़ में स्वागत करते हुए कहा कि इस तरह के बड़े आयोजन से प्रदेश की खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों से प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गोल्फ सहित विभिन्न खेलों को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव सहयोग करेगी। उन्होंने कहा कि खेल अधोसंरचना के विस्तार और खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं अवसर देने पर सरकार विशेष ध्यान दे रही है। मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के माध्यम से प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में बस्तर ओलंपिक, सरगुजा ओलंपिक और नेशनल ट्राइबल गेम्स जैसे आयोजनों से खेल प्रतिभाओं को नए अवसर मिले हैं। अब प्रोफेशनल गोल्फ के बड़े आयोजन प्रदेश की खेल यात्रा को नया आयाम दे रहे हैं।मुख्यमंत्री ने देश-विदेश से आए खिलाड़ियों को बस्तर और सरगुजा की प्राकृतिक सुंदरता तथा जनजातीय संस्कृति देखने का न्योता भी दिया।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ी प्रतियोगिता के साथ छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों को भी करीब से जानें और यहां से अच्छी यादें लेकर लौटें।कपिल देव ने छत्तीसगढ़ सरकार के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन खेल संस्कृति को मजबूत करते हैं। उन्होंने इच्छा जताई कि ‘नवा रायपुर ओपन’ का आयोजन हर वर्ष छत्तीसगढ़ में हो।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ दिल्ली, बेंगलुरु और कोलकाता की तरह देश के प्रमुख गोल्फ डेस्टिनेशन के रूप में पहचान बना सकता है।पीजीटीआई के सीईओ अमनदीप चहल ने भी छत्तीसगढ़ में खिलाड़ियों को मिल रहे बेहतर वातावरण और आतिथ्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश अब पर्यटन और अन्य खेलों के साथ एक उभरते हुए गोल्फ डेस्टिनेशन के रूप में भी पहचान बना रहा है।

