Central Samvad रायपुर, 13 जुलाई 2026
धमतरी जिले में 14 वर्ष की बालिकाओं को सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से 13 से 18 जुलाई तक विशेष एचपीवी (HPV) टीकाकरण सप्ताह शुरू किया गया है।

अभियान के तहत सभी पात्र बालिकाओं को स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क जीवनरक्षक HPV टीका लगाया जाएगा। इसके लिए स्कूलों और स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।स्वास्थ्य विभाग के अनुसार ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) संक्रमण सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है।
समय पर लगाया गया HPV टीका इस कैंसर से बचाव का सुरक्षित और प्रभावी माध्यम माना जाता है। अभियान के दौरान जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्र, चिन्हित विद्यालयों तथा विशेष टीकाकरण सत्र स्थलों पर निःशुल्क टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
जिला प्रशासन ने सभी अभिभावकों से अपनी 14 वर्ष की बेटियों का समय पर टीकाकरण कराने और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। साथ ही जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों और सामाजिक संगठनों से अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने का आग्रह किया गया है।

