Central Samvad रायपुर, 25 सितंबर 2026
अनंत चतुर्दशी के अवसर पर महाराष्ट्र सहित देशभर में गणेशोत्सव का समापन हो रहा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु गणेश प्रतिमाओं के साथ विसर्जन शोभायात्राओं में शामिल हो रहे हैं। विभिन्न शहरों में शोभायात्राओं और विसर्जन को सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए हैं।

महाराष्ट्र के मुंबई, पुणे, नासिक और नांदेड सहित कई शहरों में प्रमुख गणेश प्रतिमाओं की विसर्जन शोभायात्राएं शुरू हो गई हैं। मुंबई में प्रमुख प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए प्राकृतिक विसर्जन स्थलों और कृत्रिम तालाबों की व्यवस्था की गई है।

सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रखी जा रही है।पुणे में प्रमुख गणेश प्रतिमाओं की विसर्जन शोभायात्राएं निकाली जा रही हैं और यातायात व्यवस्था में आवश्यक बदलाव किए गए हैं। नासिक में भी गणेश मंडलों की शोभायात्राएं जारी हैं।
वहीं नांदेड में पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ विसर्जन किया जा रहा है।देश के अन्य हिस्सों में भी श्रद्धालु भक्ति और उत्साह के साथ गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन कर रहे हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से सुरक्षित तरीके से विसर्जन करने और निर्धारित विसर्जन स्थलों का उपयोग करने की अपील की है।

