Central Samvadरायपुर, 2 सितंबर 2026
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) रायपुर फाउंडेशन फॉर इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप (NITRRFIE) ने छत्तीसगढ़ के INSPIRE-MANAK छात्र नवोन्मेषकों के लिए दो दिवसीय मेंटरशिप कार्यशाला का शुभारंभ किया। राष्ट्रीय नवाचार फाउंडेशन (NIF)-इंडिया के प्रायोजन में आयोजित यह कार्यशाला 2 सितम्बर से 3 सितंबर को हो रही है।

कार्यशाला में राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनी के लिए चयनित छत्तीसगढ़ के 20 जिलों से आए 40 विद्यार्थियों को परियोजना विकास, नवाचार और परियोजना प्रबंधन के संबंध में विशेषज्ञ मार्गदर्शन दिया जा रहा है। कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को अपने विचारों को बेहतर परियोजनाओं और उपयोगी नवाचारों में बदलने के लिए व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी।
उद्घाटन कार्यक्रम में NIT रायपुर के निदेशक (प्रभारी) एवं NIT रायपुर FIE के बोर्ड डायरेक्टर डॉ. समीर बाजपेयी, NIF इंडिया के वैज्ञानिक डॉ. विवेक कुमार, लोक शिक्षण संचालनालय के सहायक संचालक सतीश माहेश्वरी सहित NITRRFIE और NIF इंडिया के अधिकारी एवं विशेषज्ञ मौजूद रहे।
डॉ. अनुज कुमार शुक्ला ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए नवाचार के क्षेत्र में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। सतीश माहेश्वरी ने विद्यार्थियों को उपलब्ध संसाधनों और मेंटरशिप का बेहतर उपयोग करने तथा मौलिक विचारों पर काम करने के लिए प्रेरित किया।डॉ. विवेक कुमार ने विद्यार्थियों से विशेषज्ञों के साथ खुले मन से संवाद करने और रचनात्मक सुझावों को अपने नवाचार में सुधार का माध्यम बनाने की अपील की।
उन्होंने बताया कि INSPIRE कार्यक्रम की देशभर में व्यापक पहुंच है और इसके अंतर्गत बड़ी संख्या में नवाचार संबंधी विचार प्राप्त हुए हैं।डॉ. समीर बाजपेयी ने कहा कि कोई भी नवाचार उपयोगकर्ता के लिए सरल, आर्थिक रूप से व्यवहार्य, पर्यावरण के अनुकूल तथा सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से स्वीकार्य होना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज की वास्तविक समस्याओं को समझकर उनके व्यावहारिक समाधान विकसित करने का आह्वान किया।कार्यशाला के आगामी सत्रों में मैकेनिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल और विज्ञान विषयों के विशेषज्ञों द्वारा डोमेन आधारित मेंटरिंग और ब्रेनस्टॉर्मिंग सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा उद्यमिता, डिजाइन थिंकिंग, प्रयोगशाला भ्रमण और परियोजनाओं के दस्तावेजीकरण पर भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यशाला का समापन 3 सितंबर को होगा।INSPIRE-MANAK भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग और राष्ट्रीय नवाचार फाउंडेशन-इंडिया के सहयोग से संचालित कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य स्कूली विद्यार्थियों को रोजमर्रा की समस्याओं के समाधान के लिए मौलिक विचार और नवाचार विकसित करने के लिए प्रोत्साहित करना है।

