Central Samvad रायपुर 11 सितंबर 2026
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज सक्ती जिले के ग्राम जेठा में आयोजित कार्यक्रम में 121 करोड़ 70 लाख रुपए के 38 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें 79.25 करोड़ रुपए के 23 कार्यों का भूमिपूजन और 42.46 करोड़ रुपए के 15 कार्यों का लोकार्पण शामिल है।

इन विकास कार्यों से जिले में सड़क संपर्क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी। प्रमुख कार्यों में करीब 25.82 करोड़ रुपए की लागत से 22 किलोमीटर लंबी सड़क तथा 15.30 करोड़ रुपए की लागत से 12 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण एवं नवीनीकरण का कार्य शामिल है।

कार्यक्रम में शासकीय कन्या महाविद्यालय सक्ती के नवीन भवन, बेदराम शासकीय महाविद्यालय मालखरौदा के अतिरिक्त भवन, नवीन लाइवलीहुड संस्थान, उप स्वास्थ्य केंद्रों और महतारी सदनों के निर्माण का भूमिपूजन भी किया गया।लोकार्पित कार्यों में विभिन्न सड़क और पुल-पुलिया निर्माण, जल जीवन मिशन के सोलर ड्यूल पंप, नवीन तहसील कार्यालय भवन, पुलिस थाना एवं चौकी भवन, हाईस्कूल और प्रशिक्षण भवन सहित अन्य विकास कार्य शामिल हैं।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद कमलेश जांगड़े सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

