Central Samvadरायपुर, 05 जुलाई 2026
भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव एवं महानिदेशक पर्यटन सुमन बिल्ला के रायपुर पहुंचने पर छत्तीसगढ़ पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. एस. भारती दासन और छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य ने रायपुर एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया।

वे भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) रायपुर में आयोजित दो दिवसीय मंत्रिमंडल चिंतन शिविर में पर्यटन विषय के प्रमुख वक्ता के रूप में शामिल हुए।इस दौरान सुमन बिल्ला, डॉ. एस. भारती दासन और विवेक आचार्य के बीच छत्तीसगढ़ के पर्यटन विकास को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में राज्य की प्राकृतिक, सांस्कृतिक और जनजातीय विरासत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में पारिस्थितिकी, धार्मिक, पुरातात्विक, वन्यजीव, जनजातीय और ग्रामीण पर्यटन की संभावनाओं पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही स्थानीय समुदायों की भागीदारी बढ़ाकर रोजगार सृजन, उद्यमिता और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई।पर्यटन अधोसंरचना के विकास, पर्यटक सुविधाओं के विस्तार, डिजिटल प्रचार-प्रसार, होम-स्टे को बढ़ावा देने, स्थानीय हस्तशिल्प और पारंपरिक व्यंजनों को पर्यटन से जोड़ने तथा जनजातीय संस्कृति को वैश्विक पहचान दिलाने जैसे विषयों पर भी विचार साझा किए गए।
चिंतन शिविर में सुमन बिल्ला ने “सतत समृद्धि के आधार के रूप में पर्यटन : छत्तीसगढ़ में आजीविका सृजन, संस्कृति का संरक्षण और प्रकृति की सुरक्षा” विषय पर विशेष व्याख्यान दिया। इसके बाद उन्होंने “आगे की राह – विचार मंथन” विषय पर आयोजित संवादात्मक सत्र का संचालन भी किया। बैठक में केंद्र और राज्य सरकार के बेहतर समन्वय से पर्यटन क्षेत्र को नई दिशा देने और निवेश बढ़ाने पर भी सहमति बनी।

