Central Samvad रायपुर, 27 सितंबर 2026
वन मंत्री केदार कश्यप ने बस्तर के बाढ़ प्रभावित घोटिया और नारायणपाल क्षेत्रों का दौरा कर बाढ़ की स्थिति और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राहत कार्यों में किसी भी तरह की कमी नहीं होने के निर्देश दिए।

वन मंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों को समय पर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए और उनकी जरूरतों का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों से राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी भी ली।इसके बाद केदार कश्यप ने जगदलपुर टाउन हॉल में बनाए गए राहत शिविर का निरीक्षण किया।
उन्होंने शिविर में रह रहे बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता की जानकारी ली।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत शिविरों में रह रहे परिवारों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और उनकी जरूरत के अनुसार तत्काल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
वन मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में बाढ़ प्रभावित परिवारों की सुरक्षा और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस दौरान जगदलपुर महापौर संजय पांडे भी उपस्थित रहे।

