Central Samvad रायपुर 30 सितंबर 2026
एनआईटी रायपुर के रासायनिक अभियांत्रिकी विभाग और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ केमिकल इंजीनियर्स स्टूडेंट चैप्टर द्वारा सतत विकास लक्ष्यों पर आधारित 30सितम्बर और 1अक्टूबर को दो दिवसीय ‘वाट्स नेक्स्ट आइडियाथोन’ का आयोजन किया जा रहा है। इसमें देशभर के विभिन्न संस्थानों की 50 टीमें भाग ले रही हैं।

उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक सौमिल रंजन चौबे और विशिष्ट अतिथि एनआईटी रायपुर के निदेशक (प्रभारी) प्रो. समीर बाजपेयी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में एनआईटी रायपुर के रजिस्ट्रार डॉ. नरेंद्र डी. लोंढे, रासायनिक अभियांत्रिकी विभागाध्यक्ष प्रो. बिद्युत मजुमदार, फैकल्टी सदस्य और विद्यार्थी मौजूद रहे।

आइडियाथोन का उद्देश्य ऊर्जा, पर्यावरण और सतत विकास से जुड़ी वास्तविक चुनौतियों के व्यावहारिक और नवाचारपूर्ण समाधान तलाशना है। डॉ. धर्म पाल ने प्रतिभागियों को नए और मौलिक विचार प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित किया।

प्रो. समीर बाजपेयी ने विद्यार्थियों से तकनीकी समाधान के साथ सामाजिक और आर्थिक पहलुओं को भी ध्यान में रखने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि सौमिल रंजन चौबे ने नवाचार को प्रभावी समाधान में बदलने के लिए उसकी स्केलेबिलिटी और आर्थिक व्यवहार्यता पर जोर दिया।

उन्होंने विद्यार्थियों को उपलब्ध संसाधनों और पूर्व छात्रों के मार्गदर्शन का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम में रागा क्लब द्वारा संगीतमय प्रस्तुति दी गई। आइडियाथोन का समन्वय डॉ. धर्म पाल, डॉ. जे. आनंद कुमार और डॉ. चंद्रकांत ठाकुर कर रहे हैं।
आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को सतत विकास से जुड़ी चुनौतियों पर रचनात्मक सोच, तकनीकी कौशल और समस्या-समाधान क्षमता का उपयोग करने का अवसर मिल रहा है।

