Central Samvad रायपुर, 1 अक्टूबर 2026
महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को रायपुर में प्रदेश स्तरीय खादी सम्मेलन एवं ग्रामोद्योग विकास प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में सुबह 11 बजे से होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्रामोद्योग एवं स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव करेंगे।

सम्मेलन में खादी एवं ग्रामोद्योग से जुड़े उत्पादों और गतिविधियों की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रहेगी। इस अवसर पर 2 अक्टूबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक खादी वस्त्रों पर 25 प्रतिशत विशेष छूट दी जाएगी और “सेल्फी विद खादी” अभियान भी शुरू किया जाएगा।
कार्यक्रम में चरखा प्रदर्शन, सोलर चरखा एवं लूम वितरण के साथ खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के कूंवरगढ़ स्थित नवनिर्मित भवन और अंबिकापुर के प्रीमियम सेल्स आउटलेट का वर्चुअल शुभारंभ होगा। बस्तर के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में नए बुनाई प्रशिक्षण केंद्र और “अमारी सिल्क” ब्रांड से जुड़े प्रशिक्षण कार्यक्रम भी शुरू किए जाएंगे।i
इस आयोजन का उद्देश्य खादी और ग्रामोद्योग को बढ़ावा देने के साथ कारीगरों, बुनकरों, उद्यमियों और स्व-सहायता समूहों को मंच उपलब्ध कराना है।

