Central Samvad रायपुर, 05 अक्टूबर 2026
परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के ग्राम पंचायत परसाभदेर में 1 करोड़ 74 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित जिला परिवहन कार्यालय भवन का लोकार्पण किया।

उन्होंने कहा कि जन सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए परिवहन कार्यालयों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है और डिजिटल सेवाओं के विस्तार से लोगों को घर बैठे कई सुविधाएं मिलेंगी।इस अवसर पर मंत्री केदार कश्यप ने सोनबरसा जंगल सफारी के लिए चार नई जिप्सी और सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों के लिए डेढ़ करोड़ रुपए की स्वीकृति दी।

उन्होंने बताया कि जिले के पांच पैक्स में परिवहन सुविधा केंद्र संचालित हैं, जहां से अब तक 572 लर्निंग लाइसेंस जारी किए गए हैं।मंत्री ने सड़क सुरक्षा पर जोर देते हुए अभिभावकों से बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी देने और नाबालिगों के दोपहिया वाहन चलाने पर विशेष सावधानी बरतने की अपील की।राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि जिले में परिवहन सुविधाओं के विस्तार के साथ सर्वसुविधायुक्त कार्यालय भवन का निर्माण हुआ है।

कार्यक्रम में वाहन चालकों को लाइसेंस, सुरक्षित यातायात के लिए हेलमेट तथा 80 वर्ष से अधिक आयु के 10 बुजुर्गों को निःशुल्क बस पास वितरित किए गए।कार्यक्रम के दौरान ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल में परिवहन मंत्री केदार कश्यप और राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कार्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया।

