Central Samvad रायपुर, 05 अक्टूबर 2026
जशपुर जिले में वर्षा जल संरक्षण, भू-जल संवर्धन और ग्रामीणों को स्थानीय रोजगार उपलब्ध कराने के लिए जल संरक्षण कार्यों को प्राथमिकता से आगे बढ़ाया जा रहा है। मनोरा जनपद की ग्राम पंचायत ओरडीह और आश्रित ग्राम आराकोना में वी बी जी राम जी योजना के तहत विभिन्न जल संरक्षण संरचनाओं का निर्माण किया गया है।

आराकोना में 1,700 और ओरडीह में 2,100 सहित कुल 3,800 कंटूर ट्रेंच बनाए गए हैं। इसके अलावा 5 आजीविका डबरी और 10 गैबियन संरचनाओं का निर्माण पूरा हो चुका है।

ओरडीह में 10 एलबीसीडी का कार्य भी पूर्ण किया गया है। आराकोना के लोहड़ा नाला में प्रस्तावित 10 बोल्डर चेकडैम में से 6 का निर्माण पूरा हो चुका है।

इन संरचनाओं का उद्देश्य वर्षा जल के बहाव को नियंत्रित कर पानी को गांव में ही रोकना, मिट्टी के कटाव को कम करना और भू-जल पुनर्भरण को बढ़ावा देना है। आजीविका डबरी से सिंचाई, मछलीपालन और अन्य आयमूलक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।

जल संरक्षण कार्यों से ग्रामीणों को गांव में ही रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। इस तरह जल की हर बूंद को सहेजने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और ग्रामीण आजीविका को भी मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।


