Central Samvad रायपुर, 08 अक्टूबर 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर कौशल प्रशिक्षण और उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। राजधानी रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय रोजगार मेला-2026 का गुरुवार को समापन हुआ।

7 और 8 अक्टूबर को आयोजित रोजगार मेले में प्रदेशभर से 13 हजार से अधिक युवाओं ने हिस्सा लिया। विभिन्न कंपनियों की चयन प्रक्रिया के बाद 5 हजार से अधिक युवाओं का अंतिम चयन हुआ। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर करीब 1,100 चयनित युवाओं को ऑफर लेटर सौंपे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश में 925 रोजगार मेलों का आयोजन किया गया है, जिनके माध्यम से 25 हजार 845 से अधिक युवाओं को रोजगार मिला है।

उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को शिक्षा से कौशल और कौशल से रोजगार तक जोड़ने के लिए लगातार काम कर रही है।रोजगार मेले में 95 से अधिक पंजीकृत नियोक्ता संस्थानों और विभिन्न कंपनियों ने हिस्सा लिया। करीब 50 स्टॉल लगाए गए, जहां युवाओं के दस्तावेज सत्यापन, साक्षात्कार और चयन की प्रक्रिया हुई। आईटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग और स्नातक सहित विभिन्न योग्यताओं वाले युवाओं को रोजगार के अवसर मिले।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ई-रोजगार पोर्टल को आगे ‘स्किल मार्केट’ के रूप में विकसित किया जाएगा। इस डिजिटल प्लेटफॉर्म पर युवाओं की योग्यता और कौशल के साथ उद्योगों की जरूरतों और रिक्त पदों की जानकारी उपलब्ध होगी। इससे युवाओं और उद्योगों के बीच रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।उन्होंने रोजगार नहीं पाने वाले युवाओं से निराश नहीं होने की अपील करते हुए कहा कि सरकार आगे भी रोजगार मेलों, कौशल विकास कार्यक्रमों और उद्योगों के साथ समन्वय के माध्यम से नए अवसर उपलब्ध कराती रहेगी।

कार्यक्रम में पॉलिटेक्निक संस्थानों की गुणवत्ता सुधार के लिए क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा तैयार थर्ड पार्टी मूल्यांकन रिपोर्ट का भी विमोचन किया गया। रिपोर्ट के आधार पर तकनीकी शिक्षा और प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुधारने तथा युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ाने के लिए कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

